
भोपाल। लोक निर्माण विभाग के मंत्री राकेश सिंह के निर्देश पर 05 अगस्त 2026 को प्रदेश के 7 जिलों में औचक निरीक्षण किया गया। मुख्य अभियंताओं की 7 टीमों ने सीहोर, बालाघाट, ग्वालियर, झाबुआ, अनूपपुर, रतलाम और पन्ना में कुल 35 निर्माण कार्यों की जांच की।
*क्या मिला खराब:*
निरीक्षण में 5 कार्यों की स्थिति असंतोषजनक पाई गई। ग्वालियर में अटल गेट से बहोड़ापुर 4-लेन, अनूपपुर में कोयलारी-पुसरा-मझली सड़क, झाबुआ में झाबुआ-जोबट-बाग-कुशी मार्ग, अनूपपुर में नोनघाटी-दमहेड़ी-लीलाटोला मार्ग और पन्ना में पन्ना-अमानगंज-सिमरिया मार्ग पर काम की गुणवत्ता ठीक नहीं मिली। संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी कर समय पर सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।
*किसकी हुई तारीफ:*
वहीं रतलाम जिले के 2 काम अच्छे पाए गए। रतलाम में बंजली सेजावता बायपास रोड पर आरओबी-190 और शा.हा.से. स्कूल छावनी झोडिया के भवन निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण पाए जाने पर संबंधित अधिकारी श्री आर.एन. सूर्यवंशी और श्री प्रशांत जोशी की प्रशंसा की गई।
*अन्य निर्देश:*
बैठक में लोकपथ ऐप की शिकायतें 4 दिन में निपटाने, वर्षाकाल में सड़क-पुलों की मरम्मत, दुर्घटना संभावित मार्गों पर सुरक्षा उपाय और सभी पुलों पर बाढ़ सुरक्षा के निर्देश दिए गए।