नई दिल्ली: दिल्ली एनसीआर और कुछ अन्य शहरों में सीएनजी और पीएनजी सप्लाई करने की जिम्मेदारी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड को है। इस कंपनी ने सीएनजी के दाम में 3.89 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी कर दी है। यह फैसला आज यानी शनिवार, 29 अगस्त 2026 से लागू हो गया है। इससे मोटर चलाने वालों को महंगा पड़ेगा।कितना हो गया सीएनजी का रेट
CNG के दाम में बढ़ोतरी के बाद अब दिल्ली में इसकी नई कीमत 86.98 रुपये प्रति किलो हो गई है। इससे पहले यह कीमत 83.09 रुपये प्रति किलो थी। नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी का नया रेट 95.59 रुपये प्रति किलो हो गया है।CNG की कीमत में इस साल 5वीं बढ़ोतरी
इस साल CNG की कीमतों में यह पांचवीं बढ़ोतरी है। आपको याद होगा कि इसी साल फरवरी में इजरायल ने ईरान पर हमला किया था। उसके बाद होमुर्ज संकट हुआ तब से पेट्रोलियम पदार्थों और नेचुरल गैस के दाम बढ़ ही रहे हैं। हां, मई के बाद देखें तो यह पहली बढ़ोतरी है। इससे पहले IGL ने 10 ही दिन की अवधि के दौरान चार चरणों में कुल 6 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की थी।
अन्य शहरों में सीएनजी का नया दाम
इस बढ़ोतरी के बाद अब मेरठ में सीएनजी का नया दाम 95.47 रुपये प्रति किलो हो गया है। गुड़गांव या गुरुग्राम में अब यह 92.01 रुपये प्रति किलो पड़ रहा है। हरियाणा के ही रेवाड़ी में इसका नया दाम 91.59 रुपये प्रति किलो है। उत्तर प्रदेश के शामली में अब सीएनजी का नया रेट 95.47 रुपये, कानपुर में सीएनजी का नाया दाम 98.31 रुपये हो गया है।
विभिन्न शहरों में भाव अलग-अलग क्यों
पेट्रोल और डीजल की तरह, CNG की कीमतें भी विभिन्न राज्यों और शहरों में अलग-अलग होती है। दरइसल इस पर राज्य सरकार की वैट संरचना अलग-अलग है, इसलिए दाम भी अलग अलग है। साथ ही ढुलाई भाड़े का भी दाम पर कुछ असर पड़ता है।
नेचुरल गैस के दाम हुए दूने
पेट्रोलयिम कंपनियों से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पश्चिम एशिया संकट के बाद कच्चा तेल ही नहीं प्राकृतिक गैस भी खूब महंगा हुआ है। इस साल जुलाई से लेकर अब तक लिक्विफाइड नेचुरल गैस या LNG की कीमतें दोगुनी हो गई हैं। बेंचमार्क गैस एशिया-JKM LNG इस साल फरवरी में लगभग $11 प्रति मिलियन ब्रिटिश थर्मल यूनिट (MMBTU) के भाव बिक रहा था। यह बढ़ कर अगस्त में $23.4 MMBTU हो गया है। यूरोपीय TTF गैस बेंचमार्क भी करीब $11.3 प्रति MMBTU के भाव से बढ़ कर इस समय $23.3 प्रति MMBTU के भाव पर पहुंच गया है।